Home / Food Recipes / Crispy Moong Dal Chilla Recipe: 2 टेस्टी स्टफिंग के साथ बनाएं परफेक्ट नाश्ता

Crispy Moong Dal Chilla Recipe: 2 टेस्टी स्टफिंग के साथ बनाएं परफेक्ट नाश्ता

छुट्टियों के दिन के लिये आज हम बनाने जा रहे हैं मूंग दाल का क्रिस्पी चीला.  इन्हें बनाना बहुत ही आसान है और ये बहुत ही स्वादिष्ट और क्रिस्पी होते हैं.  इन्हें हम दो स्टफ्फिंग से बनाएँगे जिनका स्वाद आपको बहुत पसंद आएगा.  तो आप भी इस आसान विधि के साथ मूंगदाल के कुरकुरा चीला बनाएं और अपने परिवार के साथ इसके स्वाद का आनंद लें.

सामग्री (Ingredients)

चीला बैटर के लिए:

  • 1 कप मूंग दाल
  • 1/4 कप चावल
  • 2 छोटी चम्मच हरी मिर्च-अदरक का पेस्ट
  • 1 छोटी चम्मच नमक
  • पानी (आवश्यकतानुसार)

स्टफिंग के लिए:

  • 1 बड़ा चम्मच तेल
  • 1 छोटी चम्मच कद्दूकस किया अदरक
  • 1 छोटी चम्मच बारीक कटी हरी मिर्च
  • 1 गाजर (बारीक कटी)
  • 1 शिमला मिर्च (बारीक कटी)
  • 1 टमाटर (बीज निकालकर, बारीक कटा)
  • 1 बड़ा चम्मच टोमेटो सॉस
  • 3/4 छोटी चम्मच नमक
  • 3/4 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 2 उबले आलू (कद्दूकस किए हुए)
  • 1/4 छोटी चम्मच नमक (आलू के लिए)
  • 1/4 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • पनीर (कद्दूकस किया हुआ)
  • चीज़ (optional)
  • सेव
  • हरी चटनी
  • शेज़वान सॉस या टोमेटो सॉस
  • घी या तेल

बैटर बनाने की विधि (Process of Making Batter)

1 कप मूंग की दाल और 1/4 कप चावल को अच्छे से धोकर एक घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दीजिए। समय पूरा होने पर दोनों का पानी हटा दीजिए और इन्हें मिक्सर जार में डालिए। अब इसमें लगभग 4 बड़े चम्मच पानी डालकर दरदरा पीस लीजिए। पिस जाने के बाद इस पेस्ट को एक बाउल में निकाल लें और मिक्सर जार में 2 बड़े चम्मच पानी डालकर बचा हुआ पेस्ट भी निकालकर बाउल में मिला लें।

अब इस बैटर में 2 छोटी चम्मच हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालें, साथ ही 1 छोटी चम्मच नमक डालकर इसे अच्छे से मिला लें। इसके बाद बैटर को 1-2 मिनट तक लगातार चलाते हुए फेंटें, ताकि इसमें हल्की फ्लफी टेक्सचर आ जाए। अब इसे थोड़ी देर के लिए ढककर रख दीजिए। इस तरह आपका चीला बनाने के लिए परफेक्ट बैटर तैयार हो जाएगा।

स्टफिंग बनाने की विधि (Process of Making Stuffing)

एक पैन में 1 बड़ा चम्मच तेल डालकर उसे गरम कीजिए। जब तेल गरम हो जाए तो इसमें 1 छोटी चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक और 1 छोटी चम्मच बारीक कटी हुई हरी मिर्च डालकर तेज आंच पर हल्का सा भून लीजिए। जैसे ही खुशबू आने लगे, इसमें 1 बारीक कटी हुई गाजर और 1 बारीक कटी हुई शिमला मिर्च डाल दें और इन्हें तेज आंच पर लगातार चलाते हुए लगभग आधा मिनट तक भूनें।

अब इसमें 3/4 छोटी चम्मच नमक और 3/4 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं और फिर आधा मिनट तक भून लें। इसके बाद इसमें 1 बारीक कटा हुआ टमाटर (बीज निकालकर) और 1 बड़ा चम्मच टोमेटो सॉस डालकर अच्छी तरह मिला लें और फ्लेम बंद कर दें। अब इस तैयार स्टफिंग का आधा हिस्सा एक प्लेट में निकाल लें और बाकी आधा पैन में ही रहने दें।

अब गैस को फिर से चालू करें और पैन में बची हुई स्टफिंग में 2 उबले हुए आलू कद्दूकस करके डालें। इसके साथ 1 छोटी चम्मच अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, 1/4 छोटी चम्मच नमक और 1/4 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छे से मिलाते हुए लगभग 1 मिनट तक भून लें। फिर गैस बंद करके इस स्टफिंग को दूसरी प्लेट में निकाल लें। इस तरह आपकी दोनों तरह की स्टफिंग तैयार हो जाएगी।

चीला बनाने की विधि (Process of Making Chilla)

चीला बनाने के लिए सबसे पहले तवा गरम कीजिए। जब तवा गरम हो जाए तो उस पर थोड़ा सा पानी डालकर कपड़े से पोंछ लें और गैस की आंच को धीमा कर दें। अब बैटर को एक बार अच्छे से चला लें और एक चम्मच बैटर तवे पर डालकर गोल-गोल फैलाएं। इसके बाद आंच को तेज कर दें और इसे नीचे से हल्का ब्राउन और कुरकुरा होने तक सेकें।

जब इसका रंग हल्का बदल जाए, तब इसके ऊपर थोड़ा सा घी डालकर फैलाएं और इसे पलटकर दूसरी तरफ से भी हल्का सा सेक लें। फिर इसे वापस पलटकर धीमी आंच पर रखें और इसके ऊपर 1 छोटी चम्मच हरी चटनी डालकर फैलाएं। अब इसमें अपनी पसंद की स्टफिंग डालकर फैलाएं, ऊपर से थोड़ा पनीर कद्दूकस करके डालें और थोड़ा सा सेव भी डाल दें। इसके बाद चीला को फोल्ड कर दें और दोनों तरफ से हल्का कुरकुरा होने तक सेककर प्लेट में निकाल लें।

इसी तरह अगला चीला बनाने से पहले तवे पर थोड़ा पानी डालकर उसे साफ करें, फिर बैटर डालकर फैलाएं और पहले की तरह सेकें। इस बार इसके ऊपर शेज़वान सॉस लगाकर फैलाएं और फिर आलू वाली स्टफिंग डालें। ऊपर से थोड़ा चीज़ और सेव डालकर इसे फोल्ड करें और दोनों तरफ से सेककर उतार लें।

इसी तरह बाकी सारे चीले भी दोनों तरह की स्टफिंग के साथ बनाकर तैयार कर लें। गरमा-गरम कुरकुरे मूंग दाल चीले को अपनी पसंदीदा चटनी या सॉस के साथ सर्व करें और इसके स्वाद का भरपूर आनंद लें।

यह भी पढ़ें : Moringa Dal Recipe: रोज की दाल में लाएं हेल्दी ट्विस्ट, ट्राई करें मोरिंगा दाल

सुझाव (Suggestions)

इन दोनों में से आप अपनी पसंद के अनुसार कोई भी चीला बना सकते हैं, दोनों ही स्वाद में बेहद लाजवाब लगते हैं। अगर आप हल्का और हेल्दी ऑप्शन चाहते हैं तो वेज स्टफिंग वाला चीला बढ़िया रहेगा, वहीं अगर थोड़ा मसालेदार और चटपटा स्वाद पसंद है तो आलू वाली स्टफिंग वाला चीला ट्राई कर सकते हैं।

अगर आपके पास शेज़वान सॉस उपलब्ध नहीं है तो इसकी जगह आप आसानी से टोमेटो सॉस का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे भी चीले का स्वाद काफी अच्छा और हल्का खट्टा-मीठा बनता है, जो बच्चों और बड़ों सभी को पसंद आता है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *